CG Crime : धमतरी। धमतरी पुलिस ने मछली व्यापारी की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नगदी, मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त हथियार और वाहन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, मृतक विप्लव मंडल निजी फिश फार्म का संचालन करता था। गिरफ्तार आरोपी उसी के यहां मजदूरी करते थे। मजदूरी बढ़ाने की मांग पूरी नहीं होने और मृतक द्वारा कथित तौर पर अपमानजनक व्यवहार व गाली-गलौज किए जाने से आरोपी उससे रंजिश रखने लगे थे। इसी रंजिश ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने 25 जून को ही हत्या की योजना बनाई थी, लेकिन उसे अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 27 जून को उन्होंने दोबारा योजना बनाकर नगरी बाजार से मछली बेचकर लौट रहे व्यापारी पर गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान जंगल में घात लगाकर हमला कर दिया। लकड़ी के डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या करने के बाद आरोपी नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए तथा रकम का आपस में बंटवारा कर लिया।


घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नगरी थाना और साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और वैज्ञानिक जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 37,800 रुपये नकद, मृतक के दो मोबाइल फोन, वारदात की योजना में इस्तेमाल किए गए चार मोबाइल, तीन लकड़ी के डंडे, दो लोहे के चाकू और दो मोटरसाइकिल समेत अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19), सुरेंद्र यादव (26) और जगदीश विश्वकर्मा (50) शामिल हैं, जो गरियाबंद जिले के बोईरगांव गांव के निवासी हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

Tags: