CG Crime : 8 साल बाद डॉक्टर दंपत्ति हत्याकांड का खुलासा, ड्राइवर चढ़ा पुलिस के हत्थे...

एसपी धर्मेंद्र सिंह छवाई की तकनीकी और सटीक जांच ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की परतें खोलकर जिले में खौफ के सन्नाटे को तोड़ दिया है।

Update: 2025-07-05 05:39 GMT

CG Crime : कबीरधाम। जिले में 8 साल पहले हुए सनसनीखेज डॉक्टर दंपत्ति हत्याकांड की गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है। रामनगर जिला अस्पताल में कार्यरत डॉ. गणेश सूर्यवंशी और डॉ. उषा सूर्यवंशी की क्रूर हत्या के मामले में पुलिस ने उनके पूर्व ड्राइवर सत्यप्रकाश साहू को मुख्य आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया है। एसपी धर्मेंद्र सिंह छवाई की तकनीकी और सटीक जांच ने इस ब्लाइंड मर्डर केस की परतें खोलकर जिले में खौफ के सन्नाटे को तोड़ दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि 3 अप्रैल 2017 की रात सत्यप्रकाश साहू ने डॉ. गणेश सूर्यवंशी से 1.5 लाख रुपये के उधार को लेकर उनके घर पर मुलाकात की थी। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि साहू ने पहले डॉ. उषा सूर्यवंशी पर हमला किया और पत्थर से उनका सिर कुचलकर हत्या कर दी। शोर सुनकर पहुंचे डॉ. गणेश पर भी उसने उसी तरह हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इस दोहरे हत्याकांड ने उस समय पूरे कबीरधाम को हिलाकर रख दिया था।

8 साल तक नहीं मिला था सुराग-

इस हाई-प्रोफाइल केस को सुलझाने के लिए पिछले 8 वर्षों में कई आईपीएस अधिकारियों ने कोशिश की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। आरोपी सत्यप्रकाश साहू फरार था और पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। जांच में पता चला कि उसने कई बार दुर्ग में स्कार्फ पहनकर रेकी भी की थी। लेकिन एसपी धर्मेंद्र सिंह छवाई की अगुवाई में टेक्निकल एनालिसिस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस ने आखिरकार इस रहस्यमयी केस को सुलझा दिया।

पूछताछ में टूटा आरोपी, कबूला गुनाह-

हिरासत में लेने के बाद सख्त पूछताछ में सत्यप्रकाश साहू टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि डॉक्टर दंपत्ति के बीच लंबे समय से अनबन थी और दोनों अलग-अलग कमरों में सोते थे। इस वजह से घटना के समय कोई भी एक-दूसरे की मदद नहीं कर सका। साहू ने लेन-देन के विवाद को हत्या का कारण बताया।

इनाम की घोषणा और एसपी की मेहनत-

इस केस में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बिलासपुर रेंज के आईजी ने इनाम की घोषणा की थी। एसपी धर्मेंद्र सिंह छवाई की तकनीकी सूझबूझ और अथक मेहनत ने न केवल इस इनाम को हासिल करने में सफलता पाई, बल्कि जिले के सबसे चर्चित और जटिल मर्डर मिस्ट्री को सुलझाकर जनता में विश्वास भी जगाया।

पुलिस की कार्रवाई और आगे की जांच-

पुलिस ने सत्यप्रकाश साहू को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जांच में सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्य और स्थानीय गवाहों के बयानों को भी शामिल किया गया है। एसपी छवाई ने कहा, “हमने इस केस को पूरी गंभीरता से लिया और तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर हत्यारे को पकड़ा। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि उसे सख्त सजा मिले।”

Tags:    

Similar News