CG Crime : बाइक सवार बदमाशों ने सराफा कारोबारियों पर की फायरिंग, लाखों रूपए के जेवर और मोबाइल लूटे...

इस हमले में दोनों कारोबारी घायल हो गए, जबकि भागते समय लुटेरों की बाइक एक ग्रामीण से टकरा गई, जिससे वह भी घायल हो गया।

Update: 2025-06-06 05:17 GMT

CG Crime : मनेन्द्रगढ़। जिले में जनकपुर थाना क्षेत्र के माड़ीसरई इलाके में गुरुवार रात एक सनसनीखेज लूटपाट की घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी। दो सराफा कारोबारी, ब्रम्हा सोनी और अनिल सोनी, पर चार लुटेरों ने फायरिंग कर सोना-चांदी, नगदी और मोबाइल लूट लिया। इस हमले में दोनों कारोबारी घायल हो गए, जबकि भागते समय लुटेरों की बाइक एक ग्रामीण से टकरा गई, जिससे वह भी घायल हो गया।

बता दें कि ब्रम्हा सोनी और अनिल सोनी गुरुवार शाम हरचौका साप्ताहिक बाजार से अपनी बाइक पर घर लौट रहे थे। इस दौरान माड़ीसरई इलाके में दो बाइकों पर सवार चार लुटेरों ने उनका पीछा किया और फायरिंग शुरू कर दी। ब्रम्हा सोनी को कंधे पर गोली लगी, जबकि अनिल सोनी भी हमले में घायल हो गए। ब्रम्हा सोनी की सात वर्षीय बेटी, जो उनके साथ थी, सौभाग्यवश सुरक्षित रही। लुटेरे कारोबारियों से सोना-चांदी, नगदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। भागने के दौरान लुटेरों की एक बाइक एक ग्रामीण की बाइक से टकरा गई, जिससे ग्रामीण भी घायल हो गया।

इस टक्कर में लुटेरों ने अपनी बाइक और एक कट्टा मौके पर छोड़ दिया और जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक और कट्टा बरामद कर लिया है, लेकिन लुटेरे अभी तक फरार हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसपी चंद्रमोहन सिंह के नेतृत्व में जनकपुर पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायल कारोबारियों और ग्रामीण को तत्काल मेडिकल कॉलेज शहडोल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

ब्रम्हा सोनी की हालत गंभीर बताई जा रही है, और उनका ऑपरेशन जल्द होने वाला है। जनकपुर पुलिस ने लुटेरों की तलाश में रात भर सघन छापेमारी की और आज भी कई टीमें संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी ले रही हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि लुटेरों की पहचान और गिरफ्तारी हो सके।

Tags:    

Similar News