CG Crime : एकतरफा प्यार में सिरफिरे ने किया हमला, मंदिर से लौट रही युवती पर चलाया ताबड़तोड़ कटर, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Update: 2026-02-16 09:38 GMT

CG Crime : दुर्ग। जिले में एकतरफा प्यार की सनक ने खौफनाक रूप ले लिया। नेवई थाना क्षेत्र में मंदिर से लौट रही विवाहित युवती पर एक युवक ने कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती के शरीर पर करीब 60 टांके लगे हैं और उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

परिजनों के मुताबिक आरोपी पिछले करीब छह वर्षों से युवती का पीछा कर रहा था। कॉलेज के समय से शुरू हुई यह सनक शादी के बाद भी नहीं रुकी। वर्ष 2023 में युवती की शादी रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से हुई, जो मंत्रालय में कार्यरत हैं। शादी के बाद भी आरोपी उस पर बातचीत का दबाव बनाता और धमकियां देता रहा।

घटना 15 फरवरी की शाम करीब 5 बजे की है। युवती महाशिवरात्रि के अवसर पर बैकुंठधाम मंदिर में पूजा कर घर लौट रही थी। इंदा चौक के पास एक गली में आरोपी ने उसे रोककर बात करने की कोशिश की। मना करने पर उसने कटर निकालकर गर्दन, कलाई, गाल और पसली के पास ताबड़तोड़ वार कर दिए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर युवती की जान बचाई। पीड़िता ने बताया कि अगर वह झुककर खुद को बचाने की कोशिश नहीं करती तो आरोपी उसकी हत्या कर देता। बहन मनीषा के अनुसार आरोपी पहले भी पिता और भाई को जान से मारने की धमकी दे चुका था।

हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने करीब 60 टांके लगाए। हालत नाजुक होने के कारण उसे आईसीयू में रखा गया है। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Tags:    

Similar News