CG Accident : बस से टक्कर के बाद हाइवा पुल से गिरा, चालक की मौत, क्लीनर गंभीर
| दुर्घटना के कारणों की छानबीन जारी है।
By : Rohit Banchhor
CG Accident : जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में कुनकुरी थाना क्षेत्र के श्रीनदी के पास मंगलवार को एक भयानक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार हाइवा और बस की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि हाइवा पुल से नीचे गिर गई। हादसे में हाइवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई और क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुनकुरी पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से हाइवा के केबिन को काटकर चालक और क्लीनर को बाहर निकाला। चालक की घटनास्थल पर मौत हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल क्लीनर को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की छानबीन जारी है।