शेयर बाजार में जोरदार तेजी: सेंसेक्स 544 अंक चढ़ा, निफ्टी 24,774 के पार पहुंचा

Update: 2026-08-03 12:06 GMT

नई दिल्ली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, विदेशी निवेशकों की खरीदारी और रुपये में मजबूती से निवेशकों का भरोसा बढ़ा। बीएसई सेंसेक्स 544.39 अंक यानी 0.70% की बढ़त के साथ 78,639.03 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 800 अंक तक उछल गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 390.70 अंक यानी 1.60% चढ़कर 24,774.30 पर बंद हुआ।

इन शेयरों में रही सबसे ज्यादा तेजी

सेंसेक्स की कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), इंफोसिस, आईटीसी, एक्सिस बैंक और इटरनल के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए। वहीं, सन फार्मा, भारती एयरटेल, मारुति और टाटा स्टील के शेयरों में गिरावट दर्ज की गई।

विदेशी निवेश और रुपये ने दिया सहारा

लगातार चार महीने की बिकवाली के बाद विदेशी निवेशकों ने जुलाई में भारतीय बाजार में वापसी की और करीब 20,200 करोड़ रुपये का निवेश किया। वहीं, रुपया भी 12 पैसे मजबूत होकर 95.31 रुपये प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

विशेषज्ञों ने बताई तेजी की वजह

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के रिसर्च प्रमुख विनोद नायर के अनुसार, अमेरिका-ईरान वार्ता की उम्मीद से कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, जिससे महंगाई और कंपनियों की लागत को लेकर चिंता कम हुई। ब्रेंट क्रूड 4.62% गिरकर 83.88 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। हालांकि, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी भविष्य में विदेशी निवेश के लिए चुनौती बन सकती है।

Tags:    

Similar News