Stock Market, August 20: मुंबई/नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में लगातार आठ कारोबारी दिनों से जारी गिरावट पर गुरुवार, 20 अगस्त को ब्रेक लग गया। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच घरेलू बाजार ने जोरदार बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा चढ़कर 77,500 के करीब पहुंच गया, जबकि निफ्टी भी 24,200 के पार निकल गया। कारोबारी सत्र के आखिरी में सेंसेक्स करीब 632 अंक (0.82%) की बढ़त के साथ 77,542.35 और निफ्टी लगभग 160 अंक (0.66%) की तेजी के साथ 24,238.25 के स्तर पर बंद हुआ।

Stock Market, August 20: सेंसेक्स-निफ्टी की तूफानी शुरुआत

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र में 76,909 के स्तर पर बंद हुआ था। गुरुवार को यह बढ़त के साथ 77,468 पर खुला और शुरुआती मिनटों में ही करीब 593 अंक की तेजी के साथ 77,500 के पार पहुंच गया।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी मजबूत शुरुआत के साथ 24,225 के स्तर पर खुला। पिछले सत्र में निफ्टी 24,078 पर बंद हुआ था। शुरुआती कारोबार में बाजार का रुख पूरी तरह सकारात्मक नजर आया और सेंसेक्स के 30 प्रमुख शेयरों में से 29 शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे।

IT शेयरों में जोरदार खरीदारी

शुरुआती कारोबार में आईटी सेक्टर के शेयरों में खासा उत्साह देखने को मिला। इंफोसिस के शेयर में 2 फीसदी से अधिक की तेजी रही, जबकि टीसीएस भी 1 फीसदी से ज्यादा चढ़ा। एचसीएल टेक और टेक महिंद्रा के शेयरों में भी बढ़त दर्ज की गई।

वित्तीय शेयरों में भी खरीदारी का जोर रहा। एचडीएफसी बैंक करीब 0.77 फीसदी, बजाज फाइनेंस 1.30 फीसदी और कोटक महिंद्रा बैंक 1.32 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए। श्रीराम फाइनेंस के शेयर में 2 फीसदी से अधिक की तेजी रही।

सेंसेक्स के शेयरों में Eternal सबसे ज्यादा लाभ में रहा और शुरुआती कारोबार में करीब 2.36 फीसदी चढ़ा। वहीं विप्रो के शेयर में भी करीब 1.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

एशियाई बाजारों से भी मिले सकारात्मक संकेत

भारतीय बाजार को एशियाई शेयर बाजारों की मजबूती से भी सहारा मिला। जापान का निक्केई करीब 700 अंक की बढ़त के साथ 66,000 के पार कारोबार करता नजर आया। हांगकांग का हैंगसेंग इंडेक्स भी करीब 300 अंक चढ़कर 25,777 के स्तर पर पहुंच गया।

दक्षिण कोरिया के कोस्पी में सबसे तेज उछाल देखने को मिला। इंडेक्स करीब 420 अंक यानी लगभग 7 फीसदी की तेजी के साथ 6,888 के स्तर पर पहुंच गया। इससे पहले अमेरिकी शेयर बाजार भी पिछले कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुआ था।

Tags: