Big Breaking : इंद्रायणी नदी पर पुल ढहने से बड़ा हादसा, एक की मौत, कई लापता, एनडीआरएफ की टीमें राहत कार्य में जुटीं,, देखें वीडियो

उन्होंने मौतों की संख्या की पुष्टि के लिए अभी और समय की जरूरत बताई।

Update: 2025-06-15 06:15 GMT

Big Breaking : पुणे। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ के मावल तहसील में इंद्रायणी नदी पर बना एक लोहे का पुल रविवार दोपहर अचानक ढह गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 10 से 15 लोगों के मलबे में फंसे होने और कई अन्य के नदी के तेज बहाव में बहने की आशंका जताई जा रही है।

रविवार होने के कारण कुंडमाला गांव के पास स्थित इस लोकप्रिय पर्यटन स्थल पर भारी भीड़ थी, जिसने हादसे की गंभीरता को और बढ़ा दिया। बता दें कि पुल का ढहना दोपहर करीब 3.30 बजे हुआ। स्थानीय विधायक सुनील शेलके के अनुसार, यह लोहे का पुल लगभग 30 साल पुराना था और हादसे के समय उस पर करीब 100 लोग मौजूद थे। कुछ लोग गिरने के बाद तैरकर किनारे तक पहुंच गए, लेकिन कई अन्य नदी के तेज बहाव में बह गए। पिंपरी चिंचवाड़ पुलिस के मुताबिक, अब तक 5 से 6 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है, और दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसे की सूचना मिलते ही तालेगांव दाभाड़े पुलिस, स्थानीय लोग, और आपदा प्रबंधन टीमें मौके पर पहुंच गईं। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की दो टीमें भी राहत और बचाव कार्य के लिए तैनात की गई हैं। पुलिस और दमकल विभाग के बचाव नौकाओं और वाहनों को भी सेवा में लगाया गया है। पिछले दो दिनों से मावल क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के कारण इंद्रायणी नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है, जिससे बचाव कार्य में काफी चुनौतियां आ रही हैं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि एनडीआरएफ और अन्य टीमें राहत कार्य में पूरी ताकत से जुटी हैं। उन्होंने मौतों की संख्या की पुष्टि के लिए अभी और समय की जरूरत बताई।

Tags:    

Similar News