Big Accident : कन्नौज। यूपी के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 19 से अधिक लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब एक स्लीपर बस अनियंत्रित होकर एक फ्यूल टैंकर से टकरा गई और पलट गई। इस दुर्घटना में बस में सवार कुल 40 यात्रियों में से कई घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है।

Big Accident : बता दें कि यह हादसा आज शुक्रवार दोपहर को कन्नौज जिले के सकरावा थाना क्षेत्र के औरैया बॉर्डर के पास हुआ। इस घटना की सूचना मिलते ही कन्नौज के डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य की निगरानी की। राहत कार्य पूरा किया जा चुका है और एक्सप्रेसवे को साफ कर दिया गया है। घायलों की मदद के लिए उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भेजने के लिए तुरंत कार्रवाई की। घायल यात्रियों को सैफई मेडिकल कॉलेज और तिर्वा अस्पताल भेजा गया है।

Big Accident : बताया जा रहा है कि बस की गति अनियंत्रित हो गई थी, जिसके कारण यह ट्रक से टकराई और पलट गई। हादसा इतना भयंकर था कि यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही यूपीडा की टीम और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। रेस्क्यू ऑपरेशन में कई घंटे लगे, क्योंकि दुर्घटना बहुत भीषण थी।

Big Accident : कन्नौज के एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि इस हादसे में मरने वालों की संख्या 6 से बढ़कर 8 हो गई है, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है। हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को सूचना दी जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है।

Tags: