लाहौर। टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ ग्रुप चरण के मुकाबले से इनकार करने के पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के फैसले ने विवाद को जन्म दिया है। इस गतिरोध को सुलझाने के लिए पीसीबी और आईसीसी के बीच वर्चुअल बैठक होने वाली है, लेकिन इससे पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीन उल इस्लाम लाहौर पहुंच चुके हैं। माना जा रहा है कि वे पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी से मुलाकात कर इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

पाकिस्तान सरकार के निर्देश पर भारत के खिलाफ मैच न खेलने का फैसला लिया गया था, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इसे गंभीरता से लिया है। आईसीसी पहले ही पीसीबी से स्पष्टीकरण मांग चुका है कि 'फोर्स मेज्योर' नियम का इस्तेमाल कैसे उचित है। श्रीलंका क्रिकेट (SLC) ने भी पीसीबी को ईमेल भेजकर बहिष्कार खत्म करने की अपील की है। आईसीसी के सीईओ संजोग गुप्ता भी कोलंबो में एसएलसी अध्यक्ष शम्मी सिल्वा से मिल चुके हैं।

पीसीबी ने आईसीसी से बातचीत शुरू की है। आईसीसी के एक निदेशक ने संकेत दिया कि बड़ा मुकाबला अंततः हो सकता है। ICC का मानना है कि खेल के हित एकतरफा कार्रवाई से ऊपर हैं। पाकिस्तान ने बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाई थी, जिसने सुरक्षा चिंताओं के चलते भारत जाने से इनकार किया था और उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। अब सभी की नजरें PCB - ICC बैठक पर टिकी हैं, जहां इस विवाद का समाधान निकल सकता है।

Tags: