Bajaj Pulsar N250SS लॉन्च: 6 गियर, दमदार इंजन और कई स्मार्ट फीचर्स, जानिए कीमत
Bajaj Pulsar N250SS में क्या है खास? 6-स्पीड गियरबॉक्स से Google Maps
नई दिल्ली: बजाज ऑटो ने भारतीय बाजार में नई Pulsar N250SS लॉन्च की है। यह मौजूदा Pulsar N250 का अपडेटेड वर्जन है। कंपनी ने इसमें इंजन, गियरबॉक्स और टेक्नोलॉजी से जुड़े कई बदलाव किए हैं। पल्सर ब्रांड के 25 साल पूरे होने के मौके पर आई इस बाइक में 5-इंच की TFT स्क्रीन और क्विकशिफ्टर जैसे फीचर्स मिलेंगे।
स्टैंडर्ड मॉडल से करीब 14 हजार रुपए महंगी
नई Pulsar N250SS की कीमत मौजूदा स्टैंडर्ड N250 से करीब 14 हजार रुपए ज्यादा है। बाइक का स्पोर्टी डिजाइन पहले जैसा ही है, लेकिन इसमें नए पेंट ऑप्शन और फ्रेश ग्राफिक्स दिए गए हैं। बॉडी की शार्प लाइन्स इसे स्पोर्टी लुक देती हैं।
249cc इंजन, अब 6-स्पीड गियरबॉक्स
बाइक में 249cc का एयर और ऑयल-कूल्ड इंजन दिया गया है। 4-वॉल्व सेटअप वाला यह इंजन 25 PS की पावर और 22 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। पुराने मॉडल में 24.5 PS की पावर और 21.5 Nm का टॉर्क मिलता था।
इसमें पुराने 5-स्पीड गियरबॉक्स की जगह नया 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया गया है। इससे हाईवे पर लंबी दूरी की राइडिंग ज्यादा आरामदायक हो सकती है। बाइक में स्पोर्ट्स शिफ्टर भी है, जिसकी मदद से क्लच दबाए बिना गियर ऊपर बदला जा सकता है।
5-इंच TFT स्क्रीन में Google Maps
नई बाइक में पुराने LCD कंसोल की जगह 5-इंच का कलर TFT डिस्प्ले दिया गया है। इसमें Google Maps मिररिंग, लैप टाइमर और जरूरी दस्तावेज स्टोर करने की सुविधा मिलती है। इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी (ETB) के साथ अलग-अलग राइड मोड का सपोर्ट भी दिया गया है।
कीमत और सेफ्टी फीचर्स
Pulsar N250SS में एडजस्टेबल लीवर्स, USB Type-C चार्जिंग पोर्ट, हैजर्ड स्विच और पैनिक ब्रेक अलर्ट जैसे फीचर्स मिलते हैं। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Hero Xtreme 250R और Suzuki Gixxer 250 जैसी बाइक्स से होगा। बाइक की वास्तविक परफॉर्मेंस और हैंडलिंग में कितना सुधार हुआ है, इसका पता विस्तृत रोड टेस्ट के बाद ही चलेगा। इसकी दिल्ली में एक्स-शोरूम कीमत 1,59,406 रुपए रखी गई है।