ATS: हनीमून से लौटे नौसेना का जवान निकला पाक का जासूस, ATS ने आगरा से किया गिरफ्तार

ATS

By :  Vpb
Update: 2026-03-11 08:10 GMT

लखनऊ: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने देश की सुरक्षा से जुड़े एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय नौसेना के एक जवान को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोप है कि यह जवान पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में था और भारतीय नौसेना से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां तथा युद्धपोतों की तस्वीरें सीमा पार भेज रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो आगरा के कागारौल थाना क्षेत्र के चीतपुर गांव का निवासी है। वह भारतीय नौसेना में लांस नायक के पद पर तैनात था। जानकारी के मुताबिक 19 फरवरी को उसकी शादी मथुरा की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ हनीमून मनाने दुबई गया था और तीन दिन पहले ही अपने गांव लौटा था। इसी दौरान ATS की टीम ने गांव में पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि आदर्श की तैनाती केरल के कोच्चि स्थित दक्षिणी नौसेना कमान में थी। जांच एजेंसियों को काफी समय से उसके संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। जांच में यह सामने आया कि उसने कोच्चि में तैनात युद्धपोतों और रणनीतिक ठिकानों की तस्वीरें ISI एजेंटों को भेजी थीं।

गिरफ्तारी के बाद उसके मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच में कई अहम दस्तावेज और सबूत मिले हैं। पुलिस ने आरोपी को आगरा की अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि इस जासूसी नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

घटना के बाद उसके गांव चीतपुर में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीण इस खबर से हैरान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि आदर्श बेहद साधारण स्वभाव का युवक था और सात साल पहले ही नौसेना में भर्ती हुआ था। उसके पिता बलवीर एक शराब की दुकान पर काम करते हैं।

Tags:    

Similar News