Social Media Bans For Children: कर्नाटक के बाद अब इस राज्य में 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर बैन

मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।

Update: 2026-03-06 11:54 GMT

Social Media Bans For Children: अमरावती। आंध्र प्रदेश सरकार 13 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार इस संबंध में अगले 90 दिनों के भीतर आवश्यक कदम उठाएगी। बता दें कि इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने भी 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की थी।

आंध्र प्रदेश विधानसभा में एप्रोप्रिएशन बिल पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि 13 साल से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया से दूर रखने के लिए सरकार ठोस नीति बनाएगी। वहीं 13 से 16 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग को लेकर अभी विचार-विमर्श चल रहा है और इस पर आम सहमति बनने के बाद निर्णय लिया जाएगा।

विधानसभा में उठा था मुद्दा-

पिछले महीने आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वंगालपुडी अनीता ने विधानसभा में कहा था कि सरकार स्कूली विद्यार्थियों को सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से रोकने के लिए कानून बनाने पर विचार कर रही है। उन्होंने बताया था कि इस संबंध में गठित सब-कमेटी की दो बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई है। सब-कमेटी ने तमिलनाडु और कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में अपनाए जा रहे उपायों की भी समीक्षा की है, ताकि राज्य में प्रभावी नीति लागू की जा सके।

राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश ने कहा है कि सरकार उम्र के आधार पर सोशल मीडिया तक सुरक्षित और नियंत्रित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए कानूनी ढांचे का अध्ययन कर रही है। सरकार का उद्देश्य सोशल मीडिया को सुरक्षित बनाना और विशेष रूप से महिलाओं व बच्चों पर इसके नकारात्मक प्रभाव को कम करना है।

केंद्र से भी रेगुलेशन की मांग-

राज्य सरकार द्वारा गठित मंत्रियों का समूह 13 से 16 साल के बच्चों के लिए कुछ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स तक पहुंच सीमित करने या प्रतिबंध लगाने की संभावना की भी जांच कर रहा है। इससे पहले 10 फरवरी को तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) ने भी केंद्र सरकार से सोशल मीडिया के उपयोग पर उम्र आधारित रेगुलेशन लागू करने पर विचार करने की अपील की थी।

Tags:    

Similar News