Accident : बालोतरा सड़क हादसा : रोडवेज बस और कार की टक्कर में चार सगे भाइयों की मौत

By :  Dev Verma
Update: 2026-06-16 08:59 GMT

बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पचपदरा थाना क्षेत्र के पाटोदी कस्बे के पास रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जोरदार टक्कर में एक ही परिवार के चार सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार किसी को बचाया नहीं जा सका।

मौके पर ही तोड़ा दम

हादसे में जान गंवाने वाले चारों भाइयों की पहचान कोडूका गांव निवासी उदाराम (39), रेखाराम (35), जोगाराम (31) और विशनाराम (29) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार चारों भाई मकान निर्माण कार्य से जुड़े हुए थे और रोजाना अलग-अलग स्थानों पर काम के लिए जाते थे। मंगलवार को भी वे किसी काम से निकले थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पचपदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। सभी शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मुआवजे और कार्रवाई की मांग

दुर्घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने पाटोदी रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। लोगों ने रोडवेज बस चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दी और स्थिति को शांत कराया।

एक ही परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे ने कोडूका गांव में मातम फैला दिया है। मृतकों के परिवार में वृद्ध माता-पिता, तीनों भाइयों की पत्नियां और छोटे बच्चे हैं। जोगाराम अविवाहित थे। एक ही परिवार के चार जवान बेटों की मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Tags: