Top
Begin typing your search above and press enter to search.
ताजा खबर

सड़क हादसे में एयरफोर्स जवान की मौत, बहन की शादी में शामिल होने आए थे, तिरंगे में लिपटकर पहुंचा पार्थिव शरीर...

वे अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर कर्नाटक के बेलगाम से अपने पैतृक गांव तिन्दनी आए थे।

सड़क हादसे में एयरफोर्स जवान की मौत, बहन की शादी में शामिल होने आए थे, तिरंगे में लिपटकर पहुंचा पार्थिव शरीर...
X

MP News : नरसिंहपुर। मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में एक दुखद सड़क हादसे ने सभी को झकझोर दिया। भारतीय वायुसेना के जवान ऋषिकांत विश्वकर्मा 35 वर्ष की शनिवार रात एक सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वे अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए छुट्टी लेकर कर्नाटक के बेलगाम से अपने पैतृक गांव तिन्दनी आए थे।

बता दें कि घटना शनिवार रात की है, जब ऋषिकांत विश्वकर्मा ठेमी थाना क्षेत्र के मलाह-पिपरिया के पास अपनी बाइक से जा रहे थे। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें जबलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण बताया है। मामले की जांच जारी है।

रविवार सुबह ऋषिकांत का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर उनके पैतृक गांव तिन्दनी लाया गया। भारतीय वायुसेना की नागपुर बटालियन ने सैन्य प्रोटोकॉल के तहत उन्हें पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण और परिजन उनके अंतिम दर्शन के लिए उमड़े। गांव में गमगीन माहौल के बीच उनकी अंत्येष्टि की गई।

कौन थे ऋषिकांत विश्वकर्मा?

35 वर्षीय ऋषिकांत विश्वकर्मा भारतीय वायुसेना में स्पेशल इन्वेस्टीगेशन पर्सन के पद पर कर्नाटक के बेलगाम में तैनात थे। अपनी मेहनत और कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाने वाले ऋषिकांत अपने परिवार और गांव में बेहद सम्मानित थे। उनकी मृत्यु की खबर ने सभी को स्तब्ध कर दिया। परिजनों ने बताया कि वे अपनी बहन की शादी की तैयारियों में शामिल होने के लिए उत्साहित थे, लेकिन यह खुशी का मौका एक त्रासदी में बदल गया।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire