Top
Begin typing your search above and press enter to search.

गाड़ी चोरी कर बीच सड़क पर तीन बदमाशों ने चाकू लहराकर की अड़ीबाजी

गाड़ी चोरी कर बीच सड़क पर तीन बदमाशों ने चाकू लहराकर की अड़ीबाजी
X
भोपाल। ऐशबाग पुलिस ने गाड़ी चोरी करने के बाद चाकू लहराकर अड़ीबाजी कर रहे तीन बदमाशो को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पहले एक घर के सामने से एक्टिवा चोरी की थी और फिर सूने स्थान पर खड़े होकर धारदार हथियार से वहां से गुजर रहे लोगों से अड़ीबाजी कर रहे थे। इनमें से एक आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक पुराना सुभाष नगर निवासी संजीव शर्मा (43) ने एक्टिवा घर के सामने खड़ी की थी, जो चोरी हो गई। इसी प्रकार 31 अक्टूबर को हिनोतिया काछियान अशोका गार्डन निवासी मयंक मालवीय (27) अपनी मोटरसाइकिल से एमपी नगर से सुभाष नगर ओवरब्रिज के ऊपर से आ रहे थे। उसी दौरान सड़क किनारे खड़े तीन लड़कों से एक लड़का अचानक गाड़ी के सामने आ गया और मयंक के साथ गाली-गलौज करने लगा।

वह चाकू हाथ में लेकर फरियादी को मारने के लिए लहराने लगा। बचने के प्रयास में मयंक गाड़ी समेत नीचे गिर गए। बदमाश चाकू अड़ाकर बोला कि पैसे निकाल, नहीं तो चाकू मार दूंगा। तभी मयंक के परिचित सुरेन्द्र सिंह वहां आ गए। उन्होंने उस लड़के को पीछे से पकड़ लिया। मयंक ने उसके हाथ से चाकू छीनकर एक ओर फेंक दिया। उसी समय ऐशबाग थाने की एफआरव्ही गाड़ी आ गई और उस लड़के को दबोच लिया। आरोपी का नाम फरहान खान निवासी राजीव नगर झुग्गी बताया गया है। आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास व अड़ीबाजी समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक मुखबिर से सूचना मिली कि दो लड़के हरिराम की बगिया में एक एक्टिवा पर बैठकर पीछे की नंबर प्लेट तोड़ रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों लड़कों को हिरासत में ले लिया। एक आरोपी का नाम तौसीफ उर्फ अयान (18) निवासी जहांगीराबाद है, जबकि दूसरा आरोपी नाबालिग है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फरहान खान के साथ मिलकर पुराना सुभाष नगर से वाहन चोरी किया था, नंबर प्लेट तोड़कर छिपा रहे थे।

Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire