Top
Begin typing your search above and press enter to search.

Accident Update : बाइक से टक्कर के बाद ईको वैन कुएं में गिरी, 10 की मौत, 4 की हालत नाजुक...

घायलों में एक 3 साल की बच्ची भी शामिल है, जिनका मंदसौर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Accident Update : बाइक से टक्कर के बाद ईको वैन कुएं में गिरी, 10 की मौत, 4 की हालत नाजुक...
X

Accident Update : मंदसौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जिसमें एक ईको वैन ने बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक कुएं में गिर गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार और वैन में सवार 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में एक 3 साल की बच्ची भी शामिल है, जिनका मंदसौर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

Accident Update : बता दें कि घटना नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के बूढ़ा-टकरावत फंटे के पास काचरिया चौपाटी में दोपहर करीब 1.15 बजे हुई। पुलिस के अनुसार, ईको वैन क्रमांक एमपी 09 डब्ल्यूसी 2452 में उज्जैन जिले के उन्हेल से नीमच जिले के आतरी माता मंदिर दर्शन के लिए जा रही थी। वैन में 13 लोग सवार थे, जो रतलाम जिले के खोजानखेड़ा/जोगीपिपलिया गांव के रहने वाले थे। रास्ते में वैन ने एक मोटरसाइकिल सवार गोबर सिंह निवासी अबाखेड़ी, मंदसौर को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

Accident Update : टक्कर के बाद वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक खुले कुएं में जा गिरी, जिसमें कोई बाउंड्री वॉल नहीं थी। कुएं में वैन के गिरने के बाद उसमें से एलपीजी गैस का रिसाव हुआ, जिससे जहरीली गैस फैल गई। इस गैस के कारण वैन में सवार लोग दम घुटने से तड़पने लगे, जिससे हादसे की गंभीरता और बढ़ गई। हादसे को देखकर स्थानीय निवासी मनोहर सिंह ने तुरंत बचाव की कोशिश की और कुएं में उतरकर 2-3 लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, कुएं में फैली जहरीली गैस के कारण उनकी भी दम घुटने से मौत हो गई।

Accident Update : मनोहर सिंह की इस बहादुरी की स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं, लेकिन उनकी मौत ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी। रेस्क्यू ऑपरेशन में एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें शामिल हुईं। क्रेन की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद वैन को कुएं से बाहर निकाला गया। उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, जिला कलेक्टर अदिति गर्ग, एसपी अभिषेक आनंद, और डीआई मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य की निगरानी की।

Accident Update : हादसे में मारे गए लोगों की पहचान-

1. मनोहर सिंह (रेस्क्यूअर, संजीत, मंदसौर), 2. गोबर सिंह (बाइक सवार, अबाखेड़ी, मंदसौर), 3. कन्हैया लाल कीर (रतलाम), 4. नागू सिंह (रतलाम), 5. पवन कीर (रतलाम), 6. धर्मेंद्र सिंह (रतलाम), 7. आशा बाई (रतलाम), 8. मधु बाई (रतलाम), 9. मांगू बाई (रतलाम) 10. राम कुंवर (रतलाम) है। वहीं घायलों में माया कीर 26 वर्ष, प्रियांशी 3 वर्ष, देवेंद्र 12 वर्ष और मुकेश 27 वर्ष है। इन घायलों को मंदसौर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Accident Update : उपमुख्यमंत्री का बयान-

उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने घटनास्थल का दौरा करने के दौरान कहा, “यह एक हृदय विदारक घटना है। वैन को बड़ी मुश्किल से कुएं से निकाला गया। जहरीली गैस के कारण बचाव कार्य में मनोहर सिंह की भी जान चली गई। हमने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया है और पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।” उन्होंने जिला प्रशासन को त्वरित राहत और समर्थन प्रदान करने के निर्देश दिए।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire