Top
Begin typing your search above and press enter to search.

तेज रफ्तार बस ने ली श्रद्धालु की जान, गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को पीटा, वीडियो वायरल

हादसा इतना भयावह था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और ग्वालियर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

तेज रफ्तार बस ने ली श्रद्धालु की जान, गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को पीटा, वीडियो वायरल
X

MP Accident : मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। जौरा से मुरैना की ओर जा रही एक तेज रफ्तार यात्री बस ने गिर्राज जी की परिक्रमा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं के समूह में से एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और ग्वालियर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।

हादसे के बाद गुस्साए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने बस चालक की जमकर पिटाई की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बता दें कि घटना शासकीय संदीपनी विद्यालय के पास दोपहर के समय हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जौरा से मुरैना जा रही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे आधा दर्जन श्रद्धालुओं के समूह की ओर बढ़ी। बस ने एक युवक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद बस सड़क किनारे लगे एक बिजली के खंभे से भी टकराई, जिसके कारण वह पलटने से बाल-बाल बची।

बस में सवार यात्रियों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल ग्वालियर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने बस चालक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

इस मारपीट का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में लोग ड्राइवर को घेरकर उस पर गुस्सा उतारते नजर आ रहे हैं। कुछ लोगों ने ड्राइवर को पुलिस के हवाले करने की मांग की, जबकि अन्य ने सड़क सुरक्षा और लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल उठाए। घटना की सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को जब्त कर थाने ले गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।


Next Story
All Rights Reserved. Copyright @2019
Powered By Hocalwire