भाजपा में ज़िला अध्यक्षों के चयन को लेकर बैठकों का दौर, कम कार्यकाल वाले अध्यक्षों को फिर मिल सकता है मौका...
- Rohit banchhor
- 02 Jan, 2025
जिन जिलों में सांसद-विधायकों व नेताओं से चर्चा के बाद एक नाम पर सहमति बन जाएगी, उनकी सूची तैयार कर ली जाएगी।
MP News : भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप देने के लिए आज भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक जारी है। जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला पर्यवेक्षकों द्वारा जिला अध्यक्ष पद के लिए दिए गए नामों के पैनल पर आज पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, केंद्रीय पर्यवेक्षक सरोज पाण्डेय, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद प्रदेश चुनाव अधिकारी विवेक नारायण शेजवलकर और संबंधित जिलों के विधायकों व सांसदों के साथ चर्चा की। जिन जिलों में सांसद-विधायकों व नेताओं से चर्चा के बाद एक नाम पर सहमति बन जाएगी, उनकी सूची तैयार कर ली जाएगी।
MP News : जिन जिलों में जिला अध्यक्ष पद के लिए एक नाम पर सभी नेता सहमत नहीं होंगे, उनके जिलों के पैनल को बैठक की टीप के साथ दिल्ली भेजा जाएगा। दिल्ली में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष से चर्चा के उपरांत तय किया जाएगा। पार्टी नेतृत्व तीन साल से कम कार्यकाल वाले निर्विद जिला अध्यक्षों को दोबारा मौका देने की तैयारी में है। जिन जिलों में सांसदों-मंत्रियों व विधायकों से जिला अध्यक्षों की पटरी नहीं बैठ रही है, उन्हें दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा, लेकिन तीन साल से कम कार्यकाल और निर्विवाद छवि और निष्ठा के साथ पार्टी के कार्यों को अंजाम तक पहुंचाने वाले अध्यक्षों को संगठन दोबारा मौका देने की तैयारी में है।

MP News : जिला अध्यक्ष के नामों पर मंथन जारी-
प्रदेश बीजेपी कार्यालय में बैठक चल रही है। बैठक के बीजेपी विधायक और संगठन पदाधिकारी भगवानदास सबनानी ने कहा कि अभी संगठन चुनाव के राष्ट्रीय और प्रदेश प्रभारी जिला अध्यक्ष के नामों पर मंथन चल रहा है। जिलाध्यक्ष के नामों के लिए संभाग से लेकर मंडल तक जनप्रतिनिधियों से रायशुमारी की जा रही है। बीजेपी के राष्ट्रीय अधिकारी सभी 60 जिलों के पर्यवेक्षक अधिकारी मौजूद हैं। अभी सभी जिलों पर विचार किया जा रहा है। साथ ही जो बीजेपी ने माप दंड तय किया है उसी के हिसाब से काम हो रहा है। सबनानी ने कहा कि अभी सिर्फ नामों पर चर्चा चल रही.. कोई घोषणा नहीं हुई है।
MP News : आज-कल में तय करने होंगे 30 जिला अध्यक्ष-
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने तीन जनवरी तक पचास प्रतिशत जिला अध्यक्षों की घोषणा के निर्देश दिए हैं। शीर्ष नेतृत्व का कहना है कि तीन जनवरी की रात तक 50 प्रतिशत जिला अध्यक्ष घोषित कर दिए जाएं, ताकि प्रदेश अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू हो सके। इसी निर्देश पर आज भोपाल में जिला अध्यक्ष तय करने बैठक हो रही है। जिन जिलों को लेकर आज आम सहमति नहीं बन पाएगी, उनके लिए कल भी बैठक होगी। पार्टी की मंशा पांच जनवरी से प्रदेश अध्यक्ष के लिए कार्यशाला आयोजित करने की है। इसके निर्देश भी पार्टी आलाकमान से मिले हैं।
MP News : नेताओं की नाराजगी दूर करने बीच का रास्ता-
पार्टी नेतृत्व जिला अध्यक्ष पद के लिए अपने नेताओं के बीच के रार को सार्वजनिक नहीं करने देना चाहता। ऐसा इसलिए भी, क्योंकि नुकसान पार्टी को होगा और फायदा विपक्षी दल को मिलेगा। जिन जिलों में अध्यक्ष पद को लेकर नेताओं में ज्यादा रार सामने आ रहा है, वहां पार्टी नेतृत्व किसी योग्य महिला को जिले की कमान सौंपकर नेताओं को साधने की कवायद पर भी विचार कर रहा है। इस संगठन चुनाव में सात से आठ जिलो में महिला जिला अध्यक्ष बनाए जाने की पूरी संभावना है।

