FIFA World Cup 2026: आज से होने जा रहा फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज, 48 टीमों के बीच शुरू होगी ट्रॉफी की जंग, मेसी-रोनाल्डो पर रहेंगी नजरें, जानें भारत में कब और कहां देखें मैच?
FIFA World Cup 2026

FIFA World Cup 2026: नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल महाकुंभ फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज गुरुवार रात से होने जा रहा है। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में पहली बार 48 देश हिस्सा ले रहे हैं। 39 दिनों तक चलने वाले इस मेगा इवेंट में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे और 19 जुलाई को न्यूजर्सी में फाइनल के साथ नए विश्व चैंपियन का फैसला होगा।
दिग्गज खिलाड़ियों पर टिकी दुनिया की नजर
इस विश्व कप में फुटबॉल प्रेमियों की निगाहें पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, फ्रांस के काइलियन एमबापे और ब्राजील के नेमार पर रहेंगी। रोनाल्डो अपने करियर में पहली बार विश्व कप जीतने की कोशिश करेंगे, जबकि नेमार भी इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी की तलाश में हैं। दूसरी ओर मेसी और एमबापे अपने-अपने देशों को दूसरी बार खिताब दिलाने का सपना लेकर मैदान में उतरेंगे।
रंगारंग उद्घाटन समारोह
टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले से पहले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें शकीरा, बर्ना बॉय, जे बैल्विन, टायला, माना, अलेजांद्रो फर्नांडेज और बेलिंडा जैसे अंतरराष्ट्रीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
पहली बार खेलेंगी चार टीमें
इस बार कैप वर्डे, कुराकाओ, जॉर्डन और उज्बेकिस्तान पहली बार फीफा विश्व कप में हिस्सा ले रहे हैं। वहीं 891 खिलाड़ी पहली बार विश्व कप का अनुभव करेंगे, जबकि 357 खिलाड़ी पहले भी इस टूर्नामेंट में खेल चुके हैं।
भारत में कब और कहां देखें मैच?
भारत में विश्व कप मुकाबलों का सीधा प्रसारण यूनाइट8 स्पोर्ट्स 1 और 2 चैनलों पर किया जाएगा। शुरुआती मैच मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच भारतीय समयानुसार रात 12:30 बजे शुरू होगा। वहीं कुछ प्रमुख मुकाबलों, क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल का प्रसारण दूरदर्शन पर भी मुफ्त में उपलब्ध रहेगा। विश्व कप के अधिकांश मैच भारत में देर रात से सुबह के बीच देखे जा सकेंगे।


