100 years of RSS: भागवत बोले- संघ सरकार के फैसले नहीं लेता, हम सिर्फ सलाह देते हैं..मतभेद हो सकते, मनभेद नहीं
- Rohit banchhor
- 28 Aug, 2025
सत्र के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- भाजपा और संघ में कोई विवाद नहीं है।
100 years of RSS: नई दिल्ली। RSS के 100 साल पूरे होने पर दिल्ली के विज्ञान भवन में तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम के आखिरी दिन गुरुवार को प्रश्नोत्तर सत्र हुआ। सत्र के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा- भाजपा और संघ में कोई विवाद नहीं है।
भागवत ने कहा, हमारे भाजपा सरकार ही नहीं सभी सरकारों के साथ अच्छे संबंध रहे हैं। हमारे बीच मतभेद हो सकते हैं लेकिन, मनभेद नहीं हैं। सरकार में फैसले लेने के सवाल पर भागवत ने कहा कि यह कहना गलत है कि सरकार में सब कुछ संघ तय करता है। हम सलाह दे सकते हैं, लेकिन फैसले वे ही लेते हैं। हम तय करते तो इतना समय नहीं लगता।
न रिटायर होऊंगा, न किसी को रिटायर होने के लिए कहूंगा…
संघ प्रमुख मोहन भागवत ने 75 साल में रिटायरमेंट को लेकर बड़ी बात कही। उनसे सवाल किया गया कि क्या 75 साल में राजनीति छोड़ देनी चाहिए? इसके जवाब में मोहन भागवत ने कहा कि 75 साल में रिटायर होने की जरूरत नहीं है, न मैं रिटायर होऊंगा, न किसी को रिटायर होने के लिए कहूंगा। उन्होंने कहा कि हम जब तक चाहें, काम कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने ये बात मोरोपंत जी के बयान का हवाला देते हुए उनके विचार रखे थे। मैंने ये नहीं कहा कि मैं रिटायर हो जाऊंगा या किसी और को रिटायर हो जाना चाहिए। हम जिंदगी में किसी भी समय रिटायर होने के लिए तैयार हैं और संघ हमसे जिस भी समय तक काम कराना चाहेगा, हम संघ के लिए उस समय तक काम करने के लिए भी तैयार हैं।

