पीएम आवास 2.0 में बनेंगे 10 लाख आवास, विशेष वर्ग को भी मिलेगी प्राथमिकता...
- Rohit banchhor
- 17 Dec, 2024
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के आवेदन संबंधी जानकारी नजदीकी नगरीय निकायों से प्राप्त की जा सकती है।
MP News : भोपाल। नगरीय विकास एवं आवास विभाग द्वारा प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 की शुरुआत हो गई है। इस योजना में प्रदेश के जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए 10 लाख आवास बनाए जाएंगे। इस योजना का लाभ उन हितग्राहियों को दिया जाएगा, जिन्हें किसी कारण से अब तक आवास योजना का लाभ प्राप्त नहीं हुआ है। नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने मैदानी अमले को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के आवेदन संबंधी जानकारी नजदीकी नगरीय निकायों से प्राप्त की जा सकती है।
MP News : योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए केन्द्र सरकार ने यूनीफाइड वेब पोर्टल पर भी जानकारी अपलोड की है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 में 4 प्रकार के घटक शामिल किए गए हैं। हितग्राही आवेदन करते समय अपनी पात्रता और आवश्यकता के अनुसार घटक का चयन कर सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 में देश में एक करोड़ आवास और मप्र में 10 लाख आवास बनाए जाने का कार्यक्रम तैयार किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 में विशेष वर्गों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया है। इनमें पीएम स्वनीधि योजना, भवन निर्माण श्रमिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पीएम विश्वकर्मा योजना के कारीगर, सफाई कर्मी और झुग्गी बस्ती में रहने वाले परिवार शामिल है।
MP News : प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में अब तक 8 लाख 25 हजार जरूरतमंद हितग्राहियों के आवास निर्माण पूरे किये जा चुके हैं। प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना के पहले चरण में 9 लाख 45 हजार आवास स्वीकृत किए गए थे। स्वीकृत आवासों के निर्माण कि लिए केंद्रांश और राज्यांश की अनुदान राशि 19 हजार 700 करोड़ रुपए एवं क्रेडिट लिंक सब्सिडी स्कीम (सीएलएसएस) घटक के लिए ब्याज अनुदान के रूप में 3900 करोड़ रुपए, इस प्रकार कुल राशि 23 हजार 600 करोड़ रुपए स्वीकृत की जा चुकी है। हितग्राहियों को अब तक 22 हजार 800 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है।

